जिले में 6 कोरोना मरीज मिले, नौबतपुर की 6 साल की बच्ची और पीरबहोर का युवक भी पीड़ित
पटना जिले में शुक्रवार को 6 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 306 पर पहुंच गई है। शुक्रवार को जो मरीज मिले हैं, उनमें एक नौबतपुर की 6 साल की बच्ची है। इसके पिता पहले से संक्रमित हैं और होटल पाटलिपुत्र अशोक में भर्ती हैं। तीन मरीज रामजीचक के रहने वाले हैं। इनमें 35 साल महिला, 13 साल का उसका बेटा और अाठ साल की बेटी भी शामिल हैं। ये तीनों 5 जून को कोलकाता से लौटे हैं। 10 जून को तीनों एनएमसीएच में जांच कराने के लिए भर्ती हुए।
शुक्रवार को तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा पीरबहोर इलाके का 28 साल का एक युवक सर्दी, खांसी, बुखार आदि जैसे लक्षण लेकर गुरुवार को पीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हुआ था। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे एनएमसीएच में इलाज के लिए भेज दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. आरके चौधरी ने बताया कि संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। उनकी भी जांच कराई जाएगी।
पीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में 24 मरीज भर्ती हैं। शुक्रवार को 22 नए मरीज भर्ती हुए हैं। 18 मरीजों का सैंपल जांच के लिए आया है। 17 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में शुक्रवार को 408 सैंपल की जांच हुई। इसमें पीएमसीएच में भर्ती दो मरीज समेत 20 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। पॉजिटिव मिलने वाले सैंपल एक वैशाली, छह सारण और 11 सैंपल मुजफ्फरपुर के हैं।
आईजीआईएमएस में भर्ती बक्सर की महिला पॉजिटिव
आईजीआईएमएस में शुक्रवार को 476 सैंपल की जांच हुई। इसमें आईजीआईएमएस में 48 साल की एक भर्ती महिला मरीज समेत 24 सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आने वाली महिला बक्सर की रहने वाली है और दिल की बीमारी का इलाज कराने के लिए भर्ती हुई थी। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे इलाज के लिए एनएमसीएच भेज दिया गया। बाकी पॉजिटिव सैंपल में सात कैमूर, चार सासाराम, चार आरा, एक पश्चिम चंपारण, दो पूर्वी चंपारण , पांच सैंपल सीतामढ़ी का है।
एनएमसीएच में पांच मरीज हुए स्वस्थ, अबतक 248 डिस्चार्ज
एनएमसीएच और बाढ़ अनुमंडल अस्पताल से शुक्रवार को पांच-पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों काे स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। एनएमसीएच से डिस्चार्ज होने वालों में बेगूसराय के 65 वर्षीय मो. शमीम अहमद, सुल्तानगंज के 28 वर्षीय मो. जीशान अंसारी, दरभंगा के 22 वर्षीय विकास कुमार, दानापुर रेलवे हॉस्पिटल के 33 वर्षीय अजय कुमार अाैर खगड़िया के 17 वर्षीय चंदन कुमार शामिल हैं। इसके साथ ही छह मरीजों को रिकवरी वार्ड में रखा गया है। अस्पताल के डॉ. अजय कुमार सिन्हा ने बताया कि अबतक अस्पताल से 248 कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। बाढ़ अनुमंडल अस्पताल से पांच कोरोना मरीजों काे डिस्चार्ज किया गया। यहां से 47 कोरोना पाॅजिटिव मरीजों में से 39 को ठीक कर घर भेजा जा चुका है। शुक्रवार को जिन्हें डिस्चार्ज किया गया उनमें शकुंती देवी, राम जनम राम, सुधीर चौधरी, रामप्रवेश दास अाैर बाढ़ के सरकट्टी निवासी राज कुमार शामिल हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MU4lDL https://ift.tt/3fh1e4Y Dainik Bhaskar June 12, 2020 at 04:51PM दैनिक भास्कर,,1733
No comments
have you douth please say to me