बॉर्डर पर नेपाल पुलिस ने की फायरिंग, बिहार के सीतामढ़ी में एक की मौत, दो अन्य घायल
बॉर्डर पर नेपाल पुलिस ने की फायरिंग, बिहार के सीतामढ़ी में एक की मौत, दो अन्य घायल
- सीमा पर दो गुटों में हुए विवाद के बाद हुई फायरिंग
- सीमा पर फायरिंग नेपाल पुलिस की ओर से की गई
भारत-नेपाल के बीच जारी तनाव के दौरान सीमा पर फायरिंग हुई है. फायरिंग में एक शख्स की मौत भी हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं. बताया जाता है कि सीमा पर दो गुटों में हुए विवाद के बाद ये फायरिंग हुई जिसमें तीन लोग शिकार बने. ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग नेपाल की ओर से की गई है.
ये घटना बिहार में भारत-नेपाल सीमा के पास सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र की पिपरा परसाइन पंचायत में लालबन्दी स्थित जानकी नगर बॉर्डर की है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक बिहार क्षेत्र के सशस्त्र सीमा बल के आईजी ने इस घटना की पुष्टि की है.
मृतक का नाम डिकेश कुमार उम्र 25 वर्ष है, जबकि उमेश राम और उदय ठाकुर को गोली लगी है. दोनों घायलों को इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर किया गया है. फिलहाल बॉर्डर पर भारतीय एसएसबी और स्थानीय पुलिस डटी हुई है तो वहीं नारायणपुर बॉर्डर पर नेपाली सेना भी डेरा डाले हुए है.
फायरिंग की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सीमा विवाद को लेकर नेपाल लगातार भारत के खिलाफ उकसावे की कार्रवाई कर रहा है. फायरिंग की नौबत क्यों आई इसे लेकर जांच जारी है. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. और विवरण की प्रतीक्षा है.
बता दें कि पिछले कुछ समय से भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद गहराया है. ये विवाद कालापानी और लिपुलेख को लेकर है. नवंबर 2019 में, भारत के गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए एक नए नक्शे में कालापानी क्षेत्र को शामिल किया गया था जिस पर नेपाल अपना दावा करता रहा है. भारत के इलाके को भी नेपाल अपना बता रहा है.

No comments
have you douth please say to me