रूस-भारत-चीन के विदेश मंत्रियों की 23 जून को वर्चुअल मीटिंगहोगी ताजा तनाव पर चर्चा संभव
रूस-भारत-चीन के विदेश मंत्रियों की 23 जून को वर्चुअल मीटिंगहोगी ताजा तनाव पर चर्चा संभव
- भारत-चीन की झड़प में दोनों पक्षों को हुआ नुकसान
- 23 जून की मीटिंग में मुद्दा उठा सकते हैं विदेश मंत्री
भारत और चीनी सैनिकों के बीच सोमवार रात हिंसक झड़प हो गई जिसमें भारतीय सेना के एक अफसर और दो सैनिक शहीद हो गए. दोनों ओर से गोलीबारी की खबर नहीं है लेकिन झड़प ने हिंसा का रूप ले लिया. पूर्वी लद्दाख स्थित सरहद पर यह घटना तब हुई है जब 23 जून को रूस-भारत-चीन के विदेश मंत्रियों की वर्चुअल बैठक होने वाली है. इस बैठक में चीन और भारतीय सैनिकों की झड़प का मुद्दा उठ सकता है.
सूत्रों की मानें तो इस वर्चुअल बैठक में रूस और चीनी विदेश मंत्रियों के अलावा उनके भारतीय समकक्ष डॉ. एस. जयशंकर शामिल हो सकते हैं. इसी के साथ डॉ. जयशंकर की अपने चीनी समकक्ष वांग यी से पूर्वी लद्दाख में हुई हिंसक झड़प पर चर्चा हो सकती है. इस बैठक में सीमा विवाद से जुड़े उन सभी मुद्दों पर चर्चा संभव है जिन्हें लेकर दोनों देशों के बीच कई दिनों से तनाव चल रहा है.
बता दें, सोमवार रात भारत और चीन की सेनाओं के बीच हिंसक झड़प हुई है. इस झड़प में भारतीय सेना के एक अफसर और दो जवान शहीद हो गए हैं. ये घटना तब हुई जब सोमवार रात को गलवान घाटी के पास दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद सबकुछ सामान्य होने की स्थिति आगे बढ़ रह थी. रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ भारत की तरफ ही नहीं बल्कि चीन की तरफ भी सैनिकों को चोट पहुंची है. इस झड़प के दौरान गोली नहीं चली, केवल हाथापाई हुई है.
इस घटना के बाद भारत सरकार तुरंत हरकत में आई और रक्षा मंत्री ने सेना अध्यक्षों के साथ बैठक की. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत समेत तीनों सेना के चीफ के साथ बैठक हुई. साथ ही बैठक में विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी शामिल हुए.

No comments
have you douth please say to me